फार्मा हब बद्दी-नालागढ़ में नशे का खेल बेनकाब, साइकोट्रॉपिक और ओपिओइड दवाओं का जखीरा बरामद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-नालागढ़ में साइकोट्रॉपिक और ओपिओइड दवाओं के कथित अवैध डायवर्जन के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दवाओं का भारी जखीरा बरामद किया है। बद्दी के एक बिना लाइसेंस परिसर, नालागढ़ के जगातखाना स्थित फार्मा इकाई और किराए की तीन दुकानों पर छापेमारी में मंगलवार देर शाम तक करीब 25 लाख टैबलेट और 2000 किलो से अधिक टेपेंटाडोल बरामद किया जा चुका था। एनसीबी चंडीगढ़ की टीम ने सोमवार देर रात कार्रवाई शुरू की थी, जो मंगलवार देर रात तक जारी रही। इस अभियान में हिमाचल प्रदेश राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन के छह ड्रग इंस्पेक्टरों के अलावा पंजाब पुलिस के विशेषज्ञ भी शामिल रहे। बताते चलें कि बीबीएन में लगातार नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं के अवैध कारोबार के मामले सामने आ रहे हैं। जांच के दौरान बद्दी स्थित बिना लाइसेंस परिसर और जगातखाना में किराए पर ली गई तीन दुकानों से बड़ी मात्रा में दवाओं का स्टॉक मिला। बरामदगी में टेपेंटाडोल प्रमुख है, जिसका इस्तेमाल दर्द निवारक दवा के रूप में किया जाता है, लेकिन इसके दुरुपयोग के मामले भी सामने आते रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में टेपेंटाडोल के इस स्टॉक का संबंध जगातखाना स्थित मैसर्स शारिका बायोटेक से सामने आया है। औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक संबंधित इकाई के पास टेपेंटाडोल के निर्माण की अनुमति नहीं थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में दवा किस आधार पर तैयार की गई और उसे अलग-अलग स्थानों पर क्यों रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार संबंधित इकाई पहले भी जांच के घेरे में रही है। इसे फरवरी तक सील रखा गया था और इस वर्ष एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम भी यहां कथित निर्माण संबंधी अनियमितताओं की जांच कर चुकी है। इसके बाद इकाई ने हाल ही में दोबारा उत्पादन शुरू किया था। कार्रवाई के बाद फर्म मालिक को मंगलवार सुबह उसके बद्दी स्थित आवास से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इस दौरान करीब 25 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए। राज्य औषधि नियंत्रक डा. मनीष कपूर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग के छह ड्रग इंस्पेक्टरों ने एनसीबी अधिकारियों के साथ बद्दी स्थित गोदाम पर संयुक्त छापेमारी की है। वहां बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद हुई हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम बरामदगी और रिकार्ड की जांच के आधार पर संबंधित निर्माता के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सप्लाई चेन और मनी ट्रेल पर एनसीबी की नजर
एनसीबी अब बरामद दवाओं के बैच नंबर, उत्पादन रिकार्ड, कच्चे माल की खरीद, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं किन स्थानों पर भेजी जानी थीं और इनके वितरण नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे। बता दें कि एनसीबी और औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई मंगलवार देर रात तक जारी रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
