कल शिमला में गरजेंगे बिजली बोर्ड कर्मचारी

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

पांवटा साहिब में बैठक कर धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर किया मंथन, ओपीएस बहाली की उठाई मांग

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
संयुक्त संघर्ष समिति जिला सिरमौर एवं हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन, यूनिट पांवटा साहिब की बैठक इलेक्ट्रिकल डिवीजन पांवटा साहिब में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान दो सितंबर को शिमला में प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) की बहाली को प्रमुख मांग के रूप में उठाने पर सहमति बनी। इसके अलावा विद्युत बोर्ड में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने, कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम करने और बोर्ड की कार्यप्रणाली सुचारू बनाने की मांग भी उठाई जाएगी। पेंशनरों की लंबित देनदारियों एवं भुगतान से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को भी प्रमुखता से सरकार और बोर्ड प्रबंधन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App