बच्चों के नृत्य पर हर कोई फिदा

By: Sep 4th, 2026 12:02 am

डीएवी पब्ल्कि स्कूल मौहल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रम आयोजित

जिला संवाददाता-कुल्लू
डाक्टर देवी चंद डीएवी पब्लिक स्कूल मौहल कुल्लू में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व जन्माष्टमी अत्यंत उत्साह, श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण की मनमोहक छवि और राधा की सुंदरता देखते ही बन रही थी। नन्हे-मुन्ने नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थी बाल कृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में सजे हुए अत्यंत आकर्षक लग रहे थे। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण पर आधारित गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बना दिया और सभी का मन मोह लिया।

समारोह में आध्यात्मिकता का रंग तब और गहरा हो गया, जब विद्यालय के प्रधानाचार्य आरएस राणा ने विधिवत जन्माष्टमी पूजा संपन्न कर विद्यालय परिवार की सुख.समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य के लिए ईश्वर से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात दही-हांडी उत्सव ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। प्रधानाचार्य जी ने नन्हे विद्यार्थियों के साथ इस आनंदमयी गतिविधि में सहभागिता की और उनके साथ उत्सव की सुंदर एवं यादगार स्मृतियां साझा कीं। उत्सव में रचनात्मकता का रंग भरते हुए कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी मटकी प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा सुंदर ढंग से सजाई गई मटकियां उनकी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिव्यक्ति तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान को दर्शा रही थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App