एक लाख की रिश्वत लेते महिला पटवारी गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ी, आज कोर्ट में होगी पेशी

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

बरोटीवाला में जमीन की सडक़ से दूरी का प्रमाणपत्र जारी करने को मांगी थी रकम

विजिलेंस की बद्दी टीम ने कार्यालय में ही रंगे हाथ पकड़ी आज कोर्ट में होगी पेशी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बरोटीवाला

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बद्दी टीम ने सोमवार दोपहर बरोटीवाला पटवार वृत्त की पटवारी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर जमीन की सडक़ से दूरी दर्शाने वाला राजस्व प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है। आरोपी महिला पटवारी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक व्यक्ति को अपनी जमीन का सर्किल रेट निर्धारित करवाने के लिए राजस्व विभाग से प्रमाणपत्र की आवश्यकता थी। इस प्रमाणपत्र में संबंधित जमीन की सडक़ से दूरी दर्ज की जानी थी। आरोप है कि बरोटीवाला पटवार वृत्त की पटवारी ने प्रमाणपत्र जारी करने के बदले शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय इसकी सूचना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की बद्दी टीम ने तथ्यों की प्रारंभिक जांच की और आरोपी पटवारी को रंगे हाथ पकडऩे के लिए जाल बिछाया।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता सोमवार दोपहर रिश्वत की रकम लेकर बरोटीवाला स्थित पटवार कार्यालय पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए स्वीकार किए, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। विजिलेंस ब्यूरो के आईजी विमल गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला पटवारी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App