जेन ज़ी के साथ से होगा नशे का नाश, सीएम सुक्खू की अपील, प्रदेश सरकार की मुहिम का हिस्सा बनें नौजवान

By: Sep 17th, 2026 12:01 am

ऊना में एंटी चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान सीएम सुक्खू की अपील, प्रदेश सरकार की मुहिम का हिस्सा बनें नौजवान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

चिट्टे के उन्मूलन के लिए हिमाचल सरकार द्वारा अपनाई गई प्रभावी नीति को नारकोटिक्स ब्यूरो नॉर्दन इंडिया ने सराहते हुए अन्य राज्यों से हिमाचल मॉडल को अपनाने का सुझाव दिया है। यह बात ऊना में चिट्टे के विरुद्ध जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई वॉकाथान के दौरान मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने चिट्टे के विरुद्ध प्रभावी रणनीति अपनाते हुए कारगर कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने सत्ता में आने के बाद चिट्टे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए पिट एनडीपीएस एक्ट को लागू किया। इसके तहत चिट्टे से अर्जित की गई अवैध संपत्ति को जब्त किया गया व बैंक खातों को फ्रीज किया गया। उन्होंने कहा कि चिट्टे से कमाई गई धन संपत्ति से बनाए गए सम्राज्य को धराशायी किया गया। सीएम सुक्खू ने कहा कि चिट्टे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना सरकार की प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार की प्रभावी कार्रवाई के चलते चिट्टे के मामलों में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षो के दौरान हिमाचल सरकार ने चिट्टे के समूल नाश के लिए प्रभावी कदम उठाए। चिट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया। इसी का नतीजा है कि अब प्रदेश में चिट्टे के विरुद्ध एक माहौल तैयार किया गया है।

प्रदेश सरकार पूरे राज्य में जेन-जी व जेन अल्फा से लेकर युवाओं व अन्य नागरिकों को चिट्टे के दुष्प्रभावों को अवगत करवाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाए हुए है। इसके दूसरे की आज ऊना में शुरुआत की गई। इसके बाद मंडी में वॉकाथान का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि चिट्टे की लत अमूमन 14 से 22 साल के युवाओं को टारगेट कर लगाई जाती है। इसी ऐज ग्रुप के बच्चों को हम जागरुरूक कर रहे है। उन्होंने कहा कि ऊना में आज आयोजित वॉकाथान में 35 डिग्री के करीब तापमान में हजारों बच्चे सडक़ों पर उतरे व चिट्टे के खिलाफ अभियान में संदेशवाहक बने। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, विधायक राकेश कालिया, विधायक सुदर्शन बबलू, विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित तमाम कांग्रेस नेतृत्व व जिला प्रशासन स्वयं सडक़ों पर उतरकर विद्यार्थियों व युवा वर्ग के साथ मिलकर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जनजागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसा बहुत कम उदाहरण होता है, जब नशे के खिलाफ बच्चों के साथ प्रदेश सरकार की पूरी कैबिनेट, मंत्री, विधायक व प्रशासनिक अमला सडक़ों पर उतरता है। उन्होंने कहा कि राज्य में चिट्टे पर नकेल कसना प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है। सीएम सुक्खू ने कहा कि जेन-जी को नशे की आदत से बचाना मूल उददेश्य है, तथा इसके लेकर किसी को भी विरोधाभास नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री का भाजपा से सवाल, केंद्र सरकार का कानून लागू क्यों नहीं किया

सीएम ने भाजपा पर भी प्रहार करते हुए कहा कि चिट्टे के खिलाफ वॉकाथान पर सवाल खड़े करने से पूर्व भाजपा को इस बात का जबाव देना चाहिए, कि उनकी सरकार ने चिट्टे के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कड़े कानून को लागू क्यों नहीं किया। हमने सत्ता में आने के बाद 2023 में दो-तीन माह के बाद ही पिट एनडीपीएस कानून को लागू किया और नशे के सौदागरों की संपत्तियों को जब्त कर उनके मंसूबों को धराशायी करने के लिए प्रभावी कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यह वॉकाथान किसी राजनीति दल द्वारा आयोजित नहीं रैली नहीं, बच्चों को नशे के प्रभाव से बचाने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक बनाने की रैली है।

चिट्टे पर प्रहार के लिए सडक़ पर उतरे 40 हजार लोग
ऊना — इंदिरा खेल मैदान में बुधवार सुबह स्कूलों और कॉलेजों से विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी वॉकाथॉन का हिस्सा बनने पहुंचे। करीब 40 हजार प्रतिभागियों की मौजूदगी में ऊना ने नशे के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई। सुबह आठ बजे से पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुतियों के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगवाई में वॉकाथॉन शुरू हुआ।मुख्यमंत्री के साथ चलने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह रहा। वॉकाथॉन के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को एंटी-चिट्टा अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई तथा चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाने का संदेश दिया। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने ऊना में उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में ऊना की यह जन भागीदारी सबसे बड़ी और रिकॉर्ड कायम करने वाली है।

युवाओं को पसंद आया मुख्यमंत्री सुक्खू का अंदाज

ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू युवाओं और जेन-जी के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने न केवल युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर वॉकथॉन में हिस्सा लिया, बल्कि उनके बीच घुल-मिलकर संवाद भी किया और उनके साथ सेल्फी खिंचवाई। वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री काफी देर तक बच्चों और युवाओं के बीच रहे। उन्होंने उनसे बातचीत की, उनकी बातें सुनीं और नशे के खिलाफ इस मुहिम में उनकी भागीदारी को महत्त्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय व्यवहार युवाओं को खासा पसंद आया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई में जेन-जी और युवाओं की भूमिका सबसे महत्त्वपूर्ण है।

चिट्टे के खिलाफ जंग में शामिल हुए मुकेश अग्रिहोत्री

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में शामिल हुए। इंदिरा स्टेडियम से बस स्टैंड तक आयोजित इस वॉकथॉन में 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसमें जिला भर के स्कूलों के बच्चों की संख्या सबसे अधिक रही। स्कूलों के बच्चों के साथ कॉलेजों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने भी इसमें भाग लिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ प्रदेशव्यापी मुहिम चल रही है। चिट्टा केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की समस्या है। बाहर से होने वाली इसकी सप्लाई के कारण इसका प्रकोप प्रदेश के हर कोने तक पहुंच गया है। ऐसे में बच्चों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

नशे के खिलाफ जारी अभियान से पंचायतें भी जोड़ी

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की लड़ाई है। पुलिस तस्करों के खिलाफ अच्छा काम कर रही है। इस अभियान में पंचायतों को भी शामिल किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टे की तस्करी में महिलाओं और लड़कियों की संलिप्तता के मामले भी सामने आ रहे हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है। चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए कानून में आवश्यक संशोधनों पर भी काम किया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री से भी मुलाकात की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App