गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा घुमारवीं
साई सिद्धिविनायक सेवा समिति ने 18वें गणेश उत्सव का धूमधाम से किया आगाज, रोजाना आरती-भजन संध्या के साथ 23 को भंडारा
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
घुमारवीं में 18वें वार्षिक श्री गणेश उत्सव का सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। साई सिद्धिविनायक सेवा समिति घुमारवीं की ओर से सैनिक विश्राम गृह के पास बस स्टैंड में आयोजित उत्सव के लिए गणेश प्रतिमा को भगेड़ से ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा के रूप में लाया गया। विधिवत मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा की स्थापना की गई। इस दौरान पूरा पंडाल गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में हारे का सहारा कामरू श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष कमल महाजन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है और उनकी आराधना से जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। उन्होंने कहा कि साईं सिद्धिविनायक सेवा समिति पिछले 18 वर्षों से गणेश उत्सव का आयोजन कर सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में सराहनीय योगदान दे रही है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। समिति के अध्यक्ष विशाल सोनी ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक पूजा-अर्चना और आरती होगी। शाम 6:30 से 7:30 बजे तक सायंकालीन आरती और इसके बाद रात 7:30 से 10 बजे तक भजन संध्या आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को दोपहर दो बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को गणेश प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सैनिक विश्राम गृह घुमारवीं से शुरू होकर घुमारवीं बाजार, भगेड़, कंदरौर और चांदपुर होते हुए बिलासपुर के लुहणू मैदान पहुंचेगी। इसके बाद लुहणू घाट पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। उत्सव के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
