पेंशनरों का भुगतान जल्द करे सरकार, नहीं तो प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बैठक कर सरकार को दी दोटूक चेतावनी
स्टाफ रिपोर्टर-जुखाला
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर की जुखाला इकाई की द्विमासिक बैठक सोमवार को इकाई अध्यक्ष डॉ. प्रेमलाल शर्मा की अध्यक्षता में महर्षि मार्कंडेय मंदिर परिसर स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स की लंबित वित्तीय देनदारियों, सरकारी नीतियों और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सरकार से पेंशनर्स की सभी लंबित देनदारियों का जल्द भुगतान करने की पुरजोर मांग उठाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने इस दिशा में शीघ्र कदम नहीं उठाए तो पेंशनर्स संघर्ष का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बैठक की शुरुआत में दिवंगत पेंशनर साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके उपरांत इकाई से जुड़े नए सदस्यों दौलतराम, राजेश कुमार और चुन्नीलाल शर्मा का स्वागत किया गया। उन्हें एसोसिएशन की गतिविधियोंए संगठन के उद्देश्यों और पेंशनर्स के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को पेंशन संशोधन का एरियर जारी करने के लिए सरकार का धन्यवाद किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
