धर्मशाला में गोल्डन बेटियों का भव्य स्वागत

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

एशियन गेम्स में सोना जीतकर लौटीं खिलाडिय़ों का ढोल-नगाड़ों से किया वेलकम

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्णिम अभियान का हिस्सा बनकर धर्मशाला लौटीं साई धर्मशाला की तीन बेटियों पुष्पा राणा, भावना ठाकुर और ज्योति ठाकुर ने पूरे केंद्र का मान बढ़ाया है। सोमवार को धर्मशाला पहुंचने पर तीनों खिलाडिय़ों का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाडिय़ों को कंधों पर उठाकर भी सम्मानित किया गया। साई धर्मशाला के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने कहा कि तीनों खिलाडिय़ों का एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटना देश, हिमाचल प्रदेश और भारतीय खेल प्राधिकरण के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत के साथ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और साई धर्मशाला में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं ने भी उनकी सफलता में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि साई और भारत सरकार की ओर से खिलाडिय़ों को बेहतर से बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन खिलाडिय़ों की उपलब्धि से प्रदेश और देश की अन्य बेटियों तथा युवा खिलाडिय़ों को खेलों में आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने हिमाचल सरकार से भी खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग देने का आग्रह किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App