सबसे ज्यादा लाभ देने वाली फिल्म बनी ‘हनुमान अंश’, 1975 में आई ‘जय संतोषी मां’ का टूटा रिकार्ड

By: Sep 2nd, 2026 10:46 pm

1975 में आई ‘जय संतोषी मां’ का टूटा रिकार्ड, 51 साल से नहीं हिला पाया था कोई, शोले को भी छोड़ दिया था पीछे

एजेंसियां — मुंबई

भारत में भक्ति गीतों और फिल्मों का एक अलग दर्जा रहा है। 1975 में एक ऐसी भी भक्ति फिल्म थी, जिसने इतना प्रॉफिट कमाया था कि अगले 51 सालों तक उस गद्दी को कोई छू नहीं पाया था। इस फिल्म का नाम था ‘जय संतोषी मां’। अब 51 सालों बाद इस फिल्म का रिकार्ड टूट गया है। जिस फिल्म में इसका यह रिकार्ड तोड़ा है, वह है ‘हनुमान अंश’। साल 1975 में आई फिल्म ‘जय संतोषी मां’ को सिर्फ 25 लाख के बजट में बनाया गया था। जब यह फिल्म थिएटर में लगी, तो जैसे धमाका हो गया। फिल्म देखने जाने वाली ऑडियंस थिएटर के बाहर चप्पल उतार कर जाया करती थी। उस दौर में सिनेमा हॉल में महिलाओं की संख्या कम थी, लेकिन मां संतोषी की कहानी को देखने के लिए हॉल में महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ गई। ये एक भक्ति फिल्म थी, जिसने मेकर्स को मालामाल कर दिया था। उस दौर में 25 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने 5.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। प्रॉफिट के मामले में यह फिल्म 1650 फीसदी प्रॉफिट में थी औरइस मामले में यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी फिल्म ‘शोले’ पर भी भारी पड़ी थी।

‘हनुमान अंश’ को सिर्फ दो करोड़ के बजट में बनाया गया है, लेकिन इसकी कमाई 54 करोड़ से ज्यादा हो गई है। इस तरह हनुमान अंश ने अब 51 सालों से सबसे ज्यादा प्रॉफिट करने वाली ‘जय संतोषी मां’ का रिकार्ड तोड़ दिया है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ 2435 फीसदी के लाभ के साथ देश की सबसे ज्यादा प्रॉफिट करने वाली फिल्म बन गई है। ‘हनुमान अंश’ अब भी कमाई कर रही है और लाभ प्रतिशत के मामले में और भी आगे जाने वाली है। ट्रेड एनालिस्ट और सिनेमा बिजनेस पर नजर रखने वालों के मुताबिक ‘हनुमान अंश’ आने वाले दिनों में लाइफटाइम कलेक्शन 100 करोड़ पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह देश की पहली ऐसी फिल्म होगी, जो इतना प्रॉफिट कमा पाई।

नीम करोली बाबा पर आधारित है फिल्म की कहानी

फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा पर आधारित है। फिल्म सात अगस्त को रिलीज हुई थी। मेकर्स के पास फिल्म को प्रोमोट करने के पैसे नहीं थे तो भंडारा कर के प्रोमोशन किया गया। फिल्म ने रिलीज वाले दिन सिर्फ 10 लाख कमाए। अगले दो हफ्ते कमाई के आंकड़ों में कुछ खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन तीसरे और चौथे हफ्ते में जैसे कोई चमत्कार हो गया हो। फिल्म की कमाई तेजी से बढ़ी। दो करोड़ वाले बजट की इस फिल्म ने चौथे हफ्ते के रविवार को 12 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App