बिलासपुर के मरीज की स्वाइन फ्लू से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

By: Sep 1st, 2026 12:02 am

स्वास्थ्य विभाग ने पांच सदस्यीय टीम लोगों को जागरूक करने के लिए भेजी, फ्लू के लक्षण पाए जाने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट करेगी टीम

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में एच-1, एन-1 (इन्फ्लूएंजा) स्वाइन फ्लू से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐहितियात के तौर पर इस मामले की गंभीरता को देखते हुए संबधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई है। इस टीम में हैल्थ वर्कर, आशा वर्कर, स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी शामिल हैं।

वहीं, स्थानीय चिकित्सक भी इसे लेकर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। इस टीम द्वारा जहां क्षेत्र के लोगों को एच-1,एन-1 इन्फलूएंजा को लेकर जागरूक किया जाएगा, वहीं इस टीम को यदि किसी में इस स्वाइन फ्लू के लक्ष्ण दिखाई देते हैं, तो तुरंत उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट की जाएगी। ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। जानकारी के अनुसार आईजीएमसी शिमला में बिलासपुर जिला के एक व्यक्ति भी स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया था, लेकिन स्वाइन फ्लू के चलते इसकी मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से एक व्यक्ति की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से तुरंत इस मामले को लेकर कार्रवाई करते हुए स्थानीय बीएमओ को एक टीम के गठन के निर्देश दिए गए। जिसके चलते टीम का गठन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस टीम ने स्थानीय क्षेत्र का दौरा किया।

क्या है एच-1, एन-1 स्वाइन फ्लू

स्वाइन फ्लू इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाला संक्रामक श्वसन रोग है। जो खांसने, छींकने और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से फैलता है।

बचाव के उपाय

हाथ साबुन से धोएं, मास्क पहनें, भीड़ से बचें, खांसते समय मुंह ढकें और लक्षण होने पर डॉक्टर से परामर्श लें। वहीं इसके लिए पूरी सावधानी रखें और अपना हर तरफ से बचाव रखें

जागरूक रहने से होगा बचाव

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को एच-1, एन-1 स्वाइन फ्लू के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य लोगों को समय रहते बीमारी के संभावित लक्षणों की जानकारी देना और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित करना है। लोगों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, नियमित रूप से हाथ धोने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

जिला बिलासपुर के अंतर्गत स्वाइन फ्लू से एक व्यक्ति की मौत आईजीएमसी शिमला में हुई है। इसके बाद संबधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भेजी गई है। यह टीम जहां लोगों को इस फ्लू के बारे में जागरूक कर रही है। वहीं, यदि किसी व्यक्ति में इस तरह के लक्ष्ण पाए जाते हैं, तो यह टीम उच्च अधिकारियों को संपर्क करेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा तुरंत इस तरह के मामले को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।
डा. शशि दत्त शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App