हूती विद्रोहियों का दो और द्वीपों पर कब्जा, दोनों बाब-अल मंदेब स्ट्रेट से करीब 160 किमी दूर

By: Sep 15th, 2026 12:06 am

दोनों बाब-अल मंदेब स्ट्रेट से 160 किमी. दूर, जवाबी कार्रवाई में सऊदी ने किए 54 हवाई हमले

एजेंसियां— काहिरा

यमन के हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी लाल सागर में दो और अहम द्वीपों पर कब्जा कर लिया है। यमन सरकार के मुताबिक हूतियों ने ग्रेटर हनीश और लेसर हनीश द्वीपों पर अपने लड़ाके तैनात किए हैं। ये द्वीप बाब-अल मंदेब स्ट्रेट से करीब 160 किमी उत्तर में हैं। इससे पहले पिछले हफ्ते हूतियों ने लाल सागर के किनारे बसे बंदरगाह शहर मोखा और बाब-अल मंदेब में मौजूद मायून द्वीप पर भी कब्जा किया था। इन दोनों जगहों पर सऊदी अरब के समर्थन वाली यमनी सरकारी सेना का नियंत्रण था। हूतियों के इन द्वीपों पर कब्जे से लाल सागर के समुद्री रास्ते पर उनका दबदबा और मजबूत हो गया है। बाब-अल-मंदेब एशिया से यूरोप जाने वाले जहाजों के लिए शॉर्टकट रास्ता है।

यहां से गुजरने के बाद जहाज स्वेज नहर के रास्ते भू-मध्य सागर तक पहुंचते हैं। वहीं हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सऊदी ने उनके ठिकानों पर 58 हवाई हमले किए हैं। यह टकराव ऐसे वक्त बढ़ा है, जब हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी का ऐलान कर उसके जहाजों को लाल सागर में निशाना बनाना शुरू किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव तेजी से बढ़ा।

होर्मुज पर बैठक टली, सऊदी अरब पर दबाव का आरोप

तेहरान। ईरान ने दावा किया है कि ओमान द्वारा ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर चर्चा के लिए प्रस्तावित बैठक को स्थगित करने के पीछे सऊदी अरब का दबाव था। बता दें ईरान ने युद्ध के शुरुआती दिनों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को प्रभावी रूप से बंद कर दिया था। सामान्य परिस्थितियों में दुनिया के कुल कारोबार किए जाने वाले तेल और गैस का करीब पांचवां हिस्सा इस मार्ग से गुजरता है। इसके बाद सऊदी अरब ने कच्चे तेल के निर्यात के लिए लाल सागर से जुड़े बाब अल-मंदेब मार्ग का इस्तेमाल बढ़ाया।

हूतियों का नया कब्जा पिछले सप्ताह लाल सागर के बंदरगाह मोखा और एक रणनीतिक द्वीप पर कब्जे के बाद हुआ है। इससे सऊदी अरब की तेल आपूर्ति पर और दबाव बढ़ सकता है, जिसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर भी पडऩे की आशंका है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को कहा कि सऊदी अरब ने ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के बीच होर्मुज पर होने वाली बैठक को फिलहाल रद्द करने की मांग की थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App