नाले को मैला करने वाले उद्योग की पहचान

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

परवाणू में बारिश के बीच नाले में झागदार-अपशिष्ट बहाने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड करेगा कार्रवाई

निजी संवाददाता-परवाणू
औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में बारिश के दौरान नाले में झागदार व संदिग्ध अपशिष्ट बहाने के मामले पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। मामले की गहनता से जांच करने के बाद विभाग ने दोषी उद्योग की पहचान पूरी कर ली है। विभाग अब संबंधित उद्योग को कारण बताओ नोटिस जारी करने और पर्यावरण नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाने की प्रक्रिया अमल में ला रहा है। वीडियो वायरल होने पर शुरू हुई थी जांच: बारिश के दौरान परवाणू के एक नाले में भारी मात्रा में सफेद झागदार पानी बहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

विभाग जारी करेगा कारण बताओ नोटिस: प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके का मुआयना कर उस औद्योगिक इकाई का पता लगा लिया है, जहां से यह अपशिष्ट नाले में छोड़ा गया था। उद्योग को जल्द ही नियमानुसार नोटिस थमाया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना: अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण मानकों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी इकाई पर आगामी जांच रिपोर्ट के आधार पर भारी वित्तीय जुर्माना लगाने के साथ-साथ अन्य जरूरी कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App