अमृतसर में अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, आठ पिस्तौल और 103 कारतूस जब्त

By: Sep 4th, 2026 12:07 am

निजी संवाददाता — अमृतसर

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो व्यक्तियों को 30 बोर की आठ अवैध पिस्तौलों और 103 जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार कर अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी यहां पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ जीता (24) निवासी गांव बैंका, तरनतारन और गुरबीर सिंह उर्फ गोरा (32) निवासी गांव तारा सिंह, तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपी रणजीत उर्फ जीता आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया एप्लिकेशनों के माध्यम से विदेशी तस्करों के संपर्क में थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अवैध विदेशी हथियारों की खेपें प्राप्त करके राज्य में आपराधिक तत्वों को आपूर्ति कर रहे थे। डीजीपी ने बताया कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने और अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में एफआईआर संख्या 264 दिनांक 30-08-2026 को शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (6,7,8) के तहत अमृतसर कमिश्नरेट के पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद में दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App