संतोषगढ स्कूल में बेटियों का दमदार प्रदर्शन

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

फाइनल में दिखा जोश; अंडर-19 जोनल खेलकूद में ऊना-हरोली की छात्राओं ने दिखाया हुनर, कई स्कूल बने विजेता

स्टाफ रिपोर्टर-संतोषगढ़
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतोषगढ़ में चल रही छात्राओं की अंडर-19 जोनल खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ऊना और हरोली जोन की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। जानकारी देते हुए प्रतियोगिता के समन्वयक मुनीश राणा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान शतरंज के फाइनल मुकाबलों में हरोली जोन में बट्टकलां और पुबोवाल के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें बट्ट कलां की टीम विजेता रही। जबकि ऊना जोन के फाइनल में सनोली और बड़ेहर की टीमें आमने-सामने रहीं। जिसमें सनोली की टीम विजेता रही। वहीं, खो-खो के हरोली जोन में बढ़ेडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कांगड़ की टीम उपविजेता रही। ऊना जोन में जखेड़ा की टीम विजेता तथा नंगड़ा की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हरोली जोन में फाइनल में कुठार बीत ने विजेता का खिताब हासिल किया,जबकि हरोली की टीम उपविजेता रही।

ऊना जोन के बैडमिंटन मुकाबलों में गर्ल्स स्कूल ऊना की टीम विजेता तथा वीपीएस बहड़ाला की टीम उपविजेता रही। कबड्डी के हरोली जोन के फाइनल मुकाबले में पूबोवाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बाथू की टीम को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा। कब्बडी के ऊना जोन में बसदेहड़ा की टीम विजेता जबकि एसडी स्कूल संतोषगढ़ की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल में ऊना जोन में फाइनल मुकाबले में वीपीएस बहड़ाला की टीम विजेता रही,जबकि अजौली की टीम उपविजेता रही। हरोली जोन में धर्मपुर की टीम विजेता रही जबकि गोंदपुर बुल्ला की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में खेलों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों से पहुंची खिलाडिय़ों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। मैदान पर खिलाडय़िों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और टीम भावना का परिचय देते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रतियोगिता आयोजन समिति ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App