धारवा में 14.50 लाख के स्कूल भवन का लोकार्पण
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले, नए कमरों से छात्रों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण, 15 लाख के सडक़ सुदृढ़ीकरण का भी शिलान्यास
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। प्रथम चरण में सडक़ के सुदृढ़ीकरण पर 15 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सडक़ सुविधा मिलेगी। वहीं, स्कूल में नए कमरों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
इस दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों की सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। उद्योग मंत्री ने नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान द्वारा धारवा में आयोजित समारोह में भी शिरकत की। इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जोन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जन्मदिवस पर चालदा महासू मंदिर में भंडारा
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को अपने जन्मदिवस के अवसर पर परिवार सहित शिलाई के पश्मी गांव स्थित चालदा महासू महाराज मंदिर में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने
प्रसाद ग्रहण किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
