इनकम टैक्स दिल्ली-हरियाणा की टीम संयुक्त विजेता
बारिश ने रोका ठाकुर सूरत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल टूर्नामेंट का फाइनल
नगर संवाददाता-राजगढ़
पीच वैली स्कूल राजगढ़ में आयोजित द्वितीय ठाकुर सूरत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला तेज बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। फाइनल में पहुंची इनकम टैक्स दिल्ली और हरियाणा स्टेट टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। टूर्नामेंट के समापन समारोह पर सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि राजगढ़ जैसे छोटे शहर में आयकर विभाग दिल्ली, हरियाणा, ओएनजीसी, नॉर्दर्न रेलवे और सीआईएसएफ रांची जैसी राष्ट्रीय स्तर की टीमों का पहुंचकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि ठाकुर सुरत सिंह की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल है। ठाकुर सुरत सिंह ने राजगढ़ को बसाने और क्षेत्र की सेवा में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया था। तेज बारिश के चलते मुकाबला रद्द करना पड़ा और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। 1.60 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दोनों टीमों में बराबर बांटी गई। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा ने ओएनजीसी को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। ओएनजीसी ने पहला सेट 25-21 से जीता, जबकि हरियाणा ने अगले तीन सेट 25-16, 25-15 और 26-24 से जीत लिए। ओएनजीसी तीसरे स्थान पर रही। इससे पहले आयकर दिल्ली ने अंतिम लीग मुकाबले में हरियाणा को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
