श्रीनगर हवाई अड्डे पर पोल से टकराया इंडिगो विमान
श्रीनगर। नवी मुंबई से श्रीनगर आ रही इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह हवाई अड्डे के विमान पार्किंग स्थल में खड़े होने के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (वीडीजीएस) के पोल से टकरा गई। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि विमान सुबह करीब नौ बजे पार्किंग स्थल संख्या छह पर बने वीडीजीएस पोल से टकरा गया।
अधिकारियों के अनुसार विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यात्रियों और क्रू सदस्यों को मैन्युअल सीढिय़ों की मदद से सुरक्षित बाहर उतारा गया। निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत संबंधित अधिकारी इस घटना की परिस्थितियों और कारणों की गहन जांच करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह का पता चल पाएगा। फिलहाल इस चरण पर हादसे के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है। इस बीच, हवाई अड्डे पर परिचालन पूरी तरह सामान्य रहा और उड़ानों का आगमन तथा प्रस्थान अपने निर्धारित समय से जारी रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
