ईरान की अमरीका के सहयोगी देशों को चेतावनी, जमीन या हवाई क्षेत्र दिया तो भुगतना होगा अंजाम

By: Sep 1st, 2026 12:16 pm

तेहरान। ईरान के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय और सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने पश्चिमी एशियाई देशों को चेतावनी दी है कि वे ईरान पर हमला करने के लिए अमरीका को अपनी जमीन या हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की इजाजत न दें। ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, “क्षेत्र के कई देशों की ओर से पहले दी गयी चेतावनियों और आधिकारिक बयानों के बावजूद कि वे अमरीकी हमलावर सेना को अपनी जमीन और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल कभी नहीं करने देंगे, अमरीकी सेना हमारे देश और कई ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले के लिए उनका लगातार इस्तेमाल कर रही है।”

इस सिलसिले में ईरानी सशस्त्र बलों ने साफ किया है कि वे किसी भी तरह की आक्रामकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका जवाब कहीं ज्यादा ताकत से देंगे। रविवार को ईरानी मीडिया ने ईरान के लारक द्वीप पर अमेरिकी हमलों की रिपोर्ट दी। एक्सियोस के पत्रकार बराक रविद ने एक अमरीकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमरीका ने द्वीप पर मौजूद ईरानी मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाया। इसके बाद प्रेस टीवी ने रिपोर्ट की कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूद अमेरिकी जहाजों और पश्चिमी एशिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागकर जवाबी कार्रवाई की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App