रैंसरी में खुला किड्जी प्री-स्कूल, विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने किया शुभारंभ

By: Sep 20th, 2026 12:56 am

एमडी प्रिया शर्मा और गौरव शर्मा ने साझा की स्कूल की योजनाएं, बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर रहेगा जोर

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – ऊना
ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि बच्चों के जीवन में प्रारंभिक शिक्षा का विशेष महत्त्व है। यही वह अवस्था है, जब बच्चों में सीखने की आदत के साथ संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता और सामाजिक मूल्यों की नींव रखी जाती है। सतपाल सिंह सत्ती शनिवार को ऊना के रैंसरी में किड्जी प्री-स्कूल के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने किडजी प्री-स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया तथा प्रबंधन को नई शैक्षणिक पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि किड्जी प्री-स्कूल क्षेत्र के नन्हे बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर किड्जी प्री-स्कूल की एमडी प्रिया शर्मा ने मुख्यातिथि सतपाल सिंह सत्ती का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की सुविधाओं, शिक्षण पद्धति तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों की रुचि और क्षमता को ध्यान में रखते हुए गतिविधि आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्कूल के एमडी गौरव शर्मा ने कहा कि बच्चों को सीखने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना स्कूल की प्राथमिकता रहेगी। गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप, संदीप कश्यप, राज कुमार पठानिया, मनोज शर्मा, मंजू कश्यप, किडजी प्री-स्कूल स्टाफ सदस्य, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अभिभावकों की पहली पसंद
किडजी के सीनीयर डायरेक्टर मैनेजर वैंकटेश शर्मा ने कहा कि रैंसरी में किड्जी प्री-स्कूल के शुभारंभ से क्षेत्र के अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का एक नया विकल्प उपलब्ध हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App