दो सडक़ हादसों में मजदूर-युवती की मौत
ददाहू से खदाल जा रही पिकअप बायरी नाला के पास हुई हादसे का शिकार; दो मजदूर घायल, ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जिला सिरमौर में दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पहले मामले में पुलिस थाना रेणुकाजी के अंतर्गत मनीष निवासी कठवाड़ तहसील कमरऊ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि एक पिकअप ददाहू से टाइल लेकर खदाल जा रही थी वह बायरी नाला के समीप तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में पिकअप में टाइल उतारने और चढ़ाने के लिए सवार तीन मजदूरों में से एक व्यक्ति सनिया राम निवासी जामूकोटी की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य मजदूर मुकेश और सुखदेव घायल हुए हैं। पुलिस ने पिकअप चालक मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम
कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पांवटा में एनएच पर तेज रफ्तार स्कूटी ने मारी जोरदार टक्कर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सडक़ हादसे के दूसरे मामले में पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत एक युवती की मौत हुई है। इस संबंधित में पुलिस थाना माजरा में प्रेम चंद निवासी गांव व डाकखाना इटारी जिला सीतापुर यूपी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बेटी सोनी एनएच-07 पर पैदल जा रही थी तो इस बीच नाहन की ओर से पांवटा साहिब की ओर जा रही एक स्कूटी चालक महिला ने तेज रफ्तारी से गलत दिशा में आते हुए उसकी बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से उसकी बेटी सोनी सडक़ पर गिर गई और उसे गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसे पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे हैल्थ केयर हॉस्पिटल देहरादून रैफर किया, जहां पर इलाज के दौरान उनकी बेटी सोनी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने स्कूटी चालक महिला साइदा प्रवीन पत्नी चमन लाल निवासी गांव सलानी डाकखाना सैनवाला के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
