कान्हा की पोशाक से सजे बाजार
जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक; मंदिरों में पूजा-अर्चना की तैयारियां तेज, सजावटी सामान की डिमांड
निजी संवाददाता-सोलन
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी (चार सिंतबर) को लेकर सोलन शहर सहित जिला भर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो गई हैं, वहीं बाजार भी कान्हा के रंग में रंगने लगे हैं। सोलन के श्रीकृष्ण मंदिर सहित कुनिहार, कंडाघाट, चायल, धर्मपुर, कसौली, दाड़लाघाट, परवाणू, अर्की, चंडी, बद्दी और नालागढ़ में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। जन्माष्टमी की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा, आरती और भजन-कीर्तन होंगे। कई मंदिरों में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाने की भी तैयारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधनों की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उधर, जन्माष्टमी नजदीक आते ही सोलन के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है।
दुकानों पर श्रीकृष्ण की पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, झूले, पूजा और सजावटी सामान उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कान्हा की पोशाक की विशेष मांग है। अभिभावक बच्चों को राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार त्योहार को लेकर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है और आने वाले दिनों में खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है। स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में भी जन्माष्टमी कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। इससे शहर में त्योहार का माहौल और अधिक उत्सवी हो गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
