कुमारसैन आईटीआई के कौशल दीक्षांत समारोह में चमके मेधावी
अक्षिता वर्मा बनीं स्टेट टॉपर, गोल्ड मेडल के साथ 21 हजार से किया सम्मानित
स्टाफ रिपोर्टर-कुमारसैन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कुमारसैन में सोमवार को कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान मेधावी प्रशिक्षुओं की उपलब्धियों पर संस्थान में खुशी का माहौल रहा। समारोह में इलेक्ट्रिशियन, आईसीटीएसएम, प्लंबर, पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक तथा सेविंग टेक्नोलॉजी ट्रेडों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुश्री अक्षिता वर्मा ने राज्य स्तर पर स्टेट टॉपर का स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। उन्हें एचपी तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से गोल्ड मेडल तथा 21 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं आईसीटीएसएम ट्रेड की सुश्री अराधना ने सेकंड टॉपर का स्थान प्राप्त किया। उन्हें सिल्वर मेडल एवं 11 हजार की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इन प्रशिक्षुओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
ट्रेडवार प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड से कार्तिक ने 1200 में से 1029 अंक, आईसीटीएसएम से काशिश ने 1119 अंक, प्लंबर से युवराज सिंह ने 600 में से 526 अंक, पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक से मनवीर सिंह ने 577 अंक तथा सेविंग टेक्नोलॉजी से सपना ने 543 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मशोबरा के प्रधानाचार्य श्री गुलाब सिंह सहित अधिकारीगण, प्रशिक्षक, प्रशिक्षु एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने सफल प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
