दो बैठकों में नहीं आए तो तीसरी में बाय-बाय, हिमाचल कांग्रेस में परफॉर्म न करने वाले पदाधिकारियों की छिनेगी कुर्सी
प्रदेश, जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक लागू होगा नियम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अब अपने संगठन में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करने जा रही है। पार्टी में अब नेताओं और विधायकों के आशीर्वाद के सहारे पद हथिया कर बैठने वालों की छुट्टी होगी। संगठन में केवल उन्हीं धीर-गंभीर और मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाएगा, जो जमीनी स्तर पर अपनी परफॉर्मेंस दिखाएंगे। काम न करने वाले पदाधिकारियों पर नकेल कसने के लिए पार्टी ने अब तक का सबसे कड़ा निर्णय लिया है, जिसका संगठन में व्यापक असर देखने को मिलेगा।
पार्टी के नए फरमान के अनुसार अगर कोई भी पदाधिकारी लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित रहता है, तो तीसरी बैठक में उसका पद छीनकर किसी नए कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। यह गाज केवल ब्लॉक या जिला स्तर के नेताओं पर ही नहीं गिरेगी, बल्कि प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों पर भी यह नियम सख्ती से लागू होगा। यदि प्रदेश पदाधिकारी भी काम नहीं करेंगे, तो उनके दायित्व बदल दिए जाएंगे। इसके साथ ही संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पदाधिकारियों को स्पष्ट टास्क दिए जाएंगे और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
हर महीने के पहले 10 दिन में बैठकें अनिवार्य
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा जिला के प्रभारी सतपाल रायजादा ने इस नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि हर ब्लॉक के कार्यों की कड़ी निगरानी की जाएगी। इसके लिए जिला कमेटी के उपाध्यक्षों और सचिवों को ब्लॉकों का प्रभारी बनाया जाएगा। पार्टी ने यह भी साफ कर दिया है कि अब हर महीने के पहले 10 दिनों के भीतर ब्लॉक और जिला स्तर की बैठकें करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था ब्लॉक स्तर तक समान रूप से लागू होगी।
इन मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने का बनाया प्लान
संगठनात्मक कसावट के साथ कांग्रेस ने 2027 के मद्देनजर भाजपा और केंद्र सरकार को घेरने की भी रणनीति तैयार कर ली है। ब्लॉक कांग्रेस के माध्यम से कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। इस जनसंपर्क अभियान में आरडीजी, 1500 करोड़ रुपए, एनपीएस का रुका हुआ पैसा, पेपर लीक मामला, मंदिर के चढ़ावे का मुद्दा और भाजपा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के शुद्धिकरण जैसे ज्वलंत विषयों को जनता के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
