मोदी का पुतिन को शांति मंत्र, यूक्रेन युद्ध पर साफ संदेश, युद्ध का हो अंत, बिश्केक में मिले दोनों नेता

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

एजेंसियां — बिश्केक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की और दोनों के बीच कारब 50 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन से कहा कि यूक्रेन से युद्ध खत्म होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस अंतहीन युद्ध का अब अंत होना चाहिए। भारत ने यूक्रेन-रूस युद्ध में शांति प्रयासों के लिए उठाए गए हर कदम का समर्थन किया है। मानवता की यही पुकार है। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि शांतिपूर्ण तरीकों से सभी मुद्दों का समाधान करना मानवता की पुकार है। युद्ध का प्रत्येक दिन मानवता को पीछे धकेलता है। यही भारत का संदेश है। गांधी और बुद्ध की धरती का एक ही संदेश है, शांति का रास्ता। मैं आपके साथ इन मामलों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं। साथ ही यह भी कहा कि यह संतोष की बात है कि हमारा सहयोग नई ऊंचाइयां छू रहा है।

दोनों नेताओं की मुलाकात का वीडियो भी आया है। इसमें राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी एक-दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाते नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान तेल और गैस की आपूर्ति, उर्वरकों की उपलब्धता और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई है। इसके अलावा दोनों नेताओं ने सैन्य उपकरणों की आपूर्ति, स्पेयर पाट्र्स, तकनीकी सहयोग और रक्षा क्षेत्र में संयुक्त उत्पादन को आगे बढ़ाने पर चर्चा की है। दोनों देशों के बीच कारोबार तेजी से बढ़ा है, लेकिन व्यापार में असंतुलन भारत के लिए चिंता का विषय है। बैठक में भारतीय उत्पादों के रूस में निर्यात, निवेश, भुगतान व्यवस्था और व्यापार को अधिक संतुलित बनाने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक तब हुई है, जब भारत पर रूस से दूरी बनाने को लेकर बहुत ज्यादा दबाव है। इससे पहले पीएम मोदी ने ईरान, किर्गिस्तान और अर्मेनिया के राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय मुलाकात की। वह ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से भी मिले। बिश्केक में चल रहे एससीओ सम्मिट की थीम शांति, विकास और समृद्धि के लिए मिलकर आगे बढऩा है। इसमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान सहित 10 सदस्य देशों के नेता भाग ले रहे हैं।

ब्रिक्स सम्मिट का दिया न्योता

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में अगले महीने होने वाली ब्रिक्स सम्मिट के लिए रूस के राष्ट्रपति पुतिन को न्योता दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App