नाहन-रेणुकाजी सडक़ पर बरसात बनी मुसीबत

By: Sep 1st, 2026 12:02 am

नेहली में बारिश के बीच पहाड़ी से चट्टानें गिरने से यातायात प्रभावित; दोनों ओर गाडिय़ों की लगी लंबी कतारें, सडक़ पर लगातार हो रहा भूस्खलन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर जिला में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से ग्रामीण संपर्क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। पिछले 24 घंटे में हुई भारी बारिश से जिलाभर में 15 सडक़ें बाधित रही, जिससे लोक निर्माण विभाग को करीब दस लाख का नुकसान पहुंंचा। वहीं, श्रीरेणुकाजी, संगड़ाह, हरिपुरधार और नौहराधार को जोडऩे वाले एमडीआर नाहन-रेणुकाजी मार्ग पर भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। चबाहां के समीप मार्ग बार-बार प्रभावित हो रहा है, जबकि नेहली के पास पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। बारिश के दौरान अचानक पत्थर सडक़ पर गिरने से दोनों ओर बसों और छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ यात्रियों और वाहन चालकों ने छोटे पत्थरों को हटाकर रास्ता खोलने का प्रयास किया, लेकिन बड़े पत्थरों के कारण यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो सका। मार्ग खोलने के लिए जेसीबी मशीन का इंतजार करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार नेहली के समीप पहाड़ी पिछले वर्ष भी मानसून के दौरान दरकी थी। इसके बाद से यहां लगातार भू-स्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। पहाड़ी पर कई बड़ी चट्टानें अभी भी अटकी हुई हैं, जो बारिश के दौरान कभी भी सडक़ पर गिर सकती हैं। इससे मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों में भय बना रहता है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से पहाड़ी पर अटकी बड़ी चट्टानों को जल्द हटाने तथा भू-स्खलन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में बसों और वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App