रोहडू में दरका पहाड़, मलबे ने डराया
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र जांगलिख में भारी भूस्खलन की घटना के बाद उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
एसडीएम ने कहा कि मौसम साफ होते ही जांगलिख सडक़ को बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत उपमंडल प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। स्थानीय लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पर्यटकों को सडक़ बंद होने की स्थिति में इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी गई है। भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा सुंदरू खड्ड में गिरने से पानी का प्रवाह प्रभावित हुआ है। प्रशासन द्वारा खड्ड में जलप्रवाह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि पानी के बहाव में संभावित बदलाव से उत्पन्न होने वाले किसी भी खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
