रामपुर में कूड़े के पहाड़; पुल से दिख रही शहर की गंदगी, दुर्गंध बनी आफत

By: Sep 15th, 2026 12:02 am

कचरा प्रबंधन प्लांट में निस्तारण की रफ्तार धीमी, स्वच्छता के दावों की खुली पोल, बीमारियां फैलने का डर

नगर संवाददाता-ऊना
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम बेशक रोजाना घर-घर से कूड़ा उठवा रहा हो, लेकिन रामपुर स्थित कचरा प्रबंधन संयंत्र में पहुंचने के बाद यही कूड़ा व्यवस्था की पोल खोल रहा है। रामपुर कूड़ा संयंत्र में कचरे के बड़े-बड़े ढेर अब कूड़े के पहाड़ का रूप लेते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि प्रदेश के सबसे लंबे हरोली-रामपुर पुल से गुजरते समय लोगों को दूर से ही कचरे का अंबार नजर आ रहा है।

प्लांट के आसपास फैली गंदगी और उठती दुर्गंध से राहगीर और आसपास के लोग परेशान हैं। नगर निगम ऊना की ओर से शहर के कूड़े के निस्तारण का जिम्मा एक एजेंसी को सौंपा गया है। एजेंसी ने कचरे के निस्तारण के लिए रामपुर में मशीनरी भी स्थापित कर रखी है। यहां कचरे को प्रोसेस कर आरडीएफ तैयार किया जाता है, जिसे सीमेंट प्लांटों में भेजा जाता है, लेकिन मौजूदा मशीनरी की क्षमता के मुकाबले कचरे की मात्रा अधिक होने के कारण निस्तारण की प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। परिणामस्वरूप प्लांट परिसर में कचरे का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है। कूड़े के ढेर बढऩे के साथ ही दुर्गंध की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। प्लांट से उठने वाली बदबू आसपास के क्षेत्र और सडक़ तक पहुंच रही है।

सीमेंट प्लांट बंद, आरडीएफ की खपत पर असर

बताया जा रहा है कि इन दिनों सीमेंट प्लांट बंद होने के कारण आरडीएफ की खपत भी प्रभावित हुई है। कचरे से तैयार आरडीएफ आगे नहीं भेजे जाने के कारण प्लांट में कचरे का दबाव बढ़ गया है। दूसरी ओर, शहर से डोर-टू-डोर कूड़ा लगातार उठाकर रामपुर पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में कचरा आने और उसके निस्तारण के बीच अंतर बढ़ता जा रहा है।

नई मशीनरी से मिलेगी राहत

नगर निगम ने प्लांट में नई मशीनरी स्थापित करने की योजना बनाई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि निस्तारण क्षमता बढऩे के बाद कचरे के ढेर को कम करने में मदद मिलेगी। लेकिन जब तक नई मशीनरी स्थापित होकर काम शुरू नहीं करती, तब तक रामपुर प्लांट में जमा कचरे को कम करना बड़ी चुनौती बना रहेगा।

कूड़े के निस्तारण के लिए रामपुर में कूड़ा संयंत्र स्थापित किया गया है। इसका काम एक एजेंसी को सौंपा गया है। नगर निगम शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए शहर भर में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित कर रही है। प्लांट में निस्तारण क्षमता बढ़ाने के लिए नई मशीनरी लगाने की योजना है।
मनोज कुमार,सहायक आयुक्त,नगर निगम ऊना

शहर से कूड़ा उठ रहा रामपुर में बढ़ रहा ढेर

नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था से शहर की गलियों और घरों से कचरा नियमित रूप से उठाया जा रहा है। लेकिन कूड़ा उठाने के बाद उसका अंतिम निस्तारण ही असली चुनौती बन गया है।

खाद बनाने की मशीनरी भी ठप

रामपुर कूड़ा संयंत्र में जैविक कचरे से खाद बनाने के लिए मशीनरी स्थापित की गई थी। इससे गीले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना था। लेकिन लंबे समय से खाद बनाने की प्रक्रिया ठप पड़ी है। मशीनरी का उपयोग नहीं होने से गीला कचरा भी प्लांट में जमा हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App