रैल में 2.10 करोड़ की लागत से निर्मित पीएचसी जनता को समर्पित

By: Sep 18th, 2026 12:55 am

रैल आईटीआई के भवन व आईटीआई नादौन के भवन खंड का हुआ शिलान्यास, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश का रैल पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
कार्यालय संवाददाता – नादौन
मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन स्थित रैल में दो करोड़ रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने 2.10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैल के भवन तथा 9.43 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नादौन के अतिरिक्त भवन खंड का शिलान्यास भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने रैल में जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ और पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री को रैली में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बुधवार शाम के समय मुख्यमंत्री ने सेरा विश्रागृह में जनसमस्याएं सुनीं। काफी संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर उनके समक्ष पहुंच रहे थे। गुरुवार को पीएचसी का उद्घाटन तथ रैल आईटीआई में जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की। शिविर का लाभ लेने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधत में कहा कि इस तरह के शिविरों से एक जगह पर मरीजों को सभी प्रकार का उचित स्वास्थ्य लाभ मिल जाता है। ओपीएस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य कर्मचारियों को भी ओपीएस का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर यूपीएस लागू करने का दबाव है, लेकिन सरकार ओपीएस पर कायम रहेगी, क्योंकि यह कर्मचारियों के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में प्रतिदिन ऐसे फैसले लेने का प्रयास करते हैं, जिनसे हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर बन सके। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढऩा है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर जिला में एम्स स्तर का आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश ने बोली लगाई है और उम्मीद है कि यह संस्थान प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने देश का पहला अलाइड हेल्थ केयर कालेज इसी वर्ष नादौन के करंडोला में शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक कालेज और आईटीआई में न्यू एज कोर्स शुरू किए जाएंगे।

नादौन की जनता मेरा परिवार
मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। नादौन के लोगों ने उन्हें हमेशा भरपूर स्नेह और समर्थन दिया है और इसकी बदौलत वह मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव प्रदेश के अधिकारों और हितों का चुनाव होगा तथा जनता का सहयोग कांग्रेस सरकार को मिलेगा।

कार्यक्रम की गरिमा ने खींचा सभी का ध्यान
इस अवसर पर कांग्रेस नेता डा. पुष्पेंद्र वर्मा, हि.प्र. अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डा. मोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद, उपायुक्त गंधर्वा राठौर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App