शाढ़ाबाई में पौधे रोप दिया हरियाली का संदेश

By: Sep 4th, 2026 12:02 am

भुंतर सुधार समिति और ग्लोबल विलेज स्कूल हुरला ने चलाया संयुक्त अभियान

निजी संवाददाता-भुंतर
पर्यावरण संरक्षण और भूमि कटाव को रोकने के उद्देश्य से वीरवार को शाढ़ाबाई स्थित होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन भुंतर सुधार समिति व ग्लोबल विलेज स्कूल हुरला संयुक्त तत्वावधान में किया गया। अभियान का शुभारंभ शाढ़ाबाई होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के कमांडेंट विकास सकलानी ने पौधा रोपकर किया। इस दौरान परिसर में पॉपुलर, देवदार, बान, कयोश और डोडन सहित विभिन्न प्रजातियों के 110 पौधे रोपे गए। पौधारोपण के बाद सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कमांडेंट विकास सकलानी ने कहा कि होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर व्यास नदी के किनारे स्थित हैए जहां भूमि कटाव की संभावना बनी रहती है।

ऐसे में भुंतर सुधार समिति और ग्लोबल विलेज स्कूल के बच्चों द्वारा किया गया पौधरोपण भविष्य में भूमि कटाव को रोकने के साथ.साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल के लिए समिति और स्कूल के प्रयासों की सराहना की। भुंतर सुधार समिति के अध्यक्ष रोशन लाल, ग्लोबल विलेज स्कूल हुरला के प्रधानाचार्य गणेश भारद्वाज और चेयरमैन कैलाश ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जलवायु परिवर्तन के कारण प्राकृतिक आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकारी संस्थाओं के साथ सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App