नीट यूजी 2027 को तैयारियां शुरू, CBT मोड में संचालन के लिए नए केंद्रों की तलाश में जुटी NTA

By: Sep 4th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

नीट-यूजी अभी तक पेन-पेपर आधारित परीक्षा के रूप में आयोजित होती रही है। पेपर लीक के बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि वर्ष 2027 से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी कंप्यूटर आधारित परीक्षा के रूप में आयोजित की जाएगी। इसी के तहत एनटीए ने एआईसीटीई से कहा है कि वह सरकारी संस्थानों से उनकी सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी सुविधाओं और उपलब्ध खाली या अप्रयुक्त जगहों की जानकारी जुटाए। इन जानकारियों के आधार पर देशभर में मानक परीक्षा केंद्र विकसित करने की संभावना का आकलन किया जाएगा। एआईसीटीई ने अपने अधीन आने वाले सरकारी संस्थानों को पत्र भेजकर उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं और खाली जगहों का विवरण देने को कहा है। यह जानकारी देशभर में मानक परीक्षा केंद्र स्थापित करने के आकलन के लिए मांगी गई है। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कम्प्यूटर आधारित परीक्षा के केंद्र छोटे निजी संस्थानों को आउटसोर्स नहीं किए जा सकते। परीक्षा केंद्रों का चयन तय मानकों के आधार पर उचित आकलन के बाद किया जाना होगा।

अधिकारी ने कहा कि एआईसीटीई तकनीकी शिक्षा का नियामक है और उसके अधीन कई ऐसे तकनीकी कालेज हैं, जहां कम्प्यूटर आधारित परीक्षा के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। एआईसीटीई ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी केवल उन्हीं सरकारी कालेजों और संस्थानों से मांगी गई है, जिन्हें परिषद से मंजूरी मिली हुई है। संस्थानों को यह भी निर्देश दिया गया है कि उनके द्वारा दी जाने वाली सभी जानकारियां सही और पूरी हों। इन्हें संबंधित सक्षम प्राधिकारी से उचित रूप से सत्यापित कराने के बाद ही जमा करना होगा। एनटीए पहले से ही कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं कम्प्यूटर आधारित माध्यम में आयोजित करता है। परीक्षा के तरीकों को धीरे-धीरे कम्प्यूटर आधारित करने और देशभर में अधिक संख्या में परीक्षा केंद्रों की जरूरत को देखते हुए अब सरकारी संस्थानों में उपलब्ध बुनियादी ढांचे का आकलन किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App