मुख्यमंत्री के रोहड़ू दौरे को तैयारियां तेज
विधायक ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रोहड़ू दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को संदासू स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विधायक रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विधायक ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रवास से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दौरे के दौरान पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई रोहड़ू में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद रोहड़ू विकास खंड में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के लाभार्थियों से संवाद और एंटी-चिट्टा अभियान का शुभारंभ करेंगे। चिडग़ांव में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन के साथ जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद मुख्यमंत्री संदासू में छौहारा विकास खंड के योजना लाभार्थियों से संवाद करेंगे और एक ग्राम पंचायत का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे। रात्रि विश्राम भी वहीं प्रस्तावित है। बैठक में मंडल अध्यक्ष रोहड़ू शिव पाल ठाकुर सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम बोले, प्रवास कार्यक्रम में न रहे कोई कमी
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने भी संदासू में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और छोटी से छोटी आवश्यकता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था न हो, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
