राहुल गांधी पर एफआईआर का विरोध, CM-डिप्टी सीएम समेत कई मंत्री-विधायक भी प्रदर्शन में शामिल

By: Sep 1st, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने उपायुक्त कार्यालय, शिमला परिसर के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी ने एफ आई आर दर्ज करने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया, लेकिन इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मामले पर आपत्ति दर्ज करने वाले राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करना अत्यंत निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विपक्ष की भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता भी समान रूप से महत्त्वपूर्ण है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री,प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App