एचपीयू में प्रोजेक्ट प्रशासनिक स्टाफ के दो पदों पर भर्ती

By: Sep 29th, 2026 12:01 am

एएनआरएफ-पेयर ड्रीम्स रिसर्च प्रोजेक्ट में 11 अक्टूबर तक आवेदन, 22 हजार रुपए मासिक मानदेय

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में एएनआरएफ-पेयर ड्रीम्स रिसर्च प्रोजेक्ट के तहत प्रोजेक्ट प्रशासनिक स्टाफ के दो पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इन पदों पर नियुक्ति अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) से वित्त पोषित शोध परियोजना के लिए की जाएगी। परियोजना के प्रधान अन्वेषक (पीआई) डा. रमेश सी. ठाकुर हैं। परियोजना की अवधि चार वर्ष है, जबकि प्रशासनिक स्टाफ की नियुक्ति परियोजना की अवधि या परियोजना समाप्ति, जो भी पहले हो, तक रहेगी। चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में एक वर्ष के लिए नियुक्त किया जाएगा।

इसके बाद परियोजना की आवश्यकता, फंड की उपलब्धता और संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर नियुक्ति की अवधि बढ़ाई जा सकती है। प्रत्येक पद के लिए 22 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया है। इन पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीए, बीकॉम, बीसीए, बीएससी, बीटेक/बीई या संबंधित विषय में स्नातक डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी को एमएस ऑफिस, एमएस वर्ड और एमएस एक्सेल का अच्छा ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा दस्तावेज तैयार करने, स्प्रेडशीट बनाने, डाटा एंट्री, डाटा की छंटाई व फिल्टरिंग तथा बुनियादी डाटा प्रबंधन की जानकारी अपेक्षित है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना सीवी/रिज्यूमे 11 अक्टूबर, 2026 शाम पांच बजे तक ई-मेल के माध्यम से भेजना होगा। भर्ती अधिसूचना में आवेदन भेजने के लिए anrfpairhpu@gmail.com ई-मेल दिया गया है। अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि के बाद भेजे गए आवेदनों के संबंध में विभाग के निर्देशों का पालन करना होगा।

15 अक्टूबर को साक्षात्कार

प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में ऑफलाइन मोड में होगा। ऑनलाइन साक्षात्कार का विकल्प लेने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले परियोजना के प्रधान अन्वेषक को इसकी सूचना देनी होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी, परियोजना आधारित-अनुबंधात्मक होगी। परियोजना की समाप्ति, परियोजना बंद होने या स्वीकृत परियोजना अवधि पूरी होने पर नियुक्ति समाप्त हो जाएगी। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को टीए/डीए का भुगतान नहीं किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App