शनिदेव मंदिर में तोडफ़ोड़ पर चक्का जाम, धर्मपुर में बवाल, लोगों ने साई रोड पर तीन घंटे रोका यातायात

By: Sep 6th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बद्दी

दून विधानसभा क्षेत्र के तहत धर्मपुर के भूपनगर-साई रोड स्थित शनि देव मंदिर में कथित तोडफ़ोड़ और मूर्ति व मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाने की घटना के बाद शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और युवाओं ने धर्मपुर पुल के समीप साई रोड पर धरना देकर करीब दो से तीन घंटे तक यातायात अवरुद्ध रखा। जाम के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही। प्रदर्शनकारियों ने घटना को धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बद्दी थाना पुलिस व डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल भी मौके पर पहुंचे।

तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और मामले में निष्पक्ष तथा सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App