सबालेंका की यूएस ओपन में लगातार 16वीं जीत, सिर्फ 53 मिनट में जीतीं, पोलिना यात्चेंको हराईं
एजेंसियां— न्यूयॉर्क
न्यूयॉर्क के फ्लशिंग मीडोज में खेले जा रहे यूएस ओपन 2026 में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने महिला सिंगल्स के दूसरे राउंड में रूस की क्वॉलिफायर पोलिना यात्चेंको को 6-1, 6-1 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बना ली। सबालेंका ने यह मुकाबला सिर्फ 53 मिनट में जीता। महिलाओं में जेसिका पेगुला भी आगे बढ़ीं, जबकि मेंस सिंगल्स में डेनियल मेदवेदेव और बेन शेल्टन ने भी तीसरे दौर में जगह बनाई। अल्काराज ने आर्थर ऐश स्टेडियम में पुर्तगाल के जैमे फारिया को 4-6, 6-0, 6-3, 6-2 से हराया।
पहला सेट गंवाने के बाद उन्होंने लगातार तीन सेट जीतकर 2 घंटे 39 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। गत विजेता सबालेंका शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलीं। उन्होंने पहला सेट 6-1 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में यात्चेंको ने एक गेम जीता, लेकिन इसके बाद सबालेंका ने लगातार तीन गेम जीतकर मैच खत्म कर दिया। सबालेंका की यूएस ओपन में यह लगातार 16वीं जीत है। वह फ्लशिंग मीडोज में लगातार तीसरा खिताब जीतने की कोशिश में हैं। तीसरे दौर में उनका सामना उज्बेकिस्तान की कामिला रखिमोवा से होगा।
डेनियल मेदवेदेव के मैच में घुस आईं दो चिडिय़ां
पुरुष सिंगल्स में डेनियल मेदवेदेव ने अमरीका के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी सेबेस्टियन गोर्जनी को 6-1, 6-3, 7-5 से हराया। मैच के दौरान लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में नेट पर दो छोटी चिडिय़ां आ बैठीं। इस वजह से एक प्वाइंट दोबारा खेलना पड़ा और मेदवेदेव इस फैसले से नाराज भी दिखे।
पेगुला अगले दौर में
महिला सिंगल्स में अमरीकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला ने हमवतन सोफिया केनिन को 6-3, 6-1 से हराया। पेगुला ने यह मुकाबला 56 मिनट में जीता। 2020 ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन केनिन को पूरे मैच में वापसी का ज्यादा मौका नहीं मिला। पेगुला अगले दौर में कनाडा की लेयला फर्नांडीज से खेलेंगी। फर्नांडीज ने थाईलैंड की मननचाया सावांगकाएव को 6-4, 6-1 से हराया।
शेल्टन ने हुरकाज को दी मात, नाकाशिमा बाहर
यूएस ओपन के मेन्स सिंगल्स के अन्य मैच में अमरीकन खिलाड़ी बेन शेल्टन ने पोलैंड के हुबर्ट हुरकाज को कड़े मुकाबले में 6-3, 5-7, 7-6 , 7-5 से हराया। शेल्टन यूएस ओपन में लगातार चौथी बार तीसरे दौर में पहुंचे हैं। वहीं, अमेरिका के ब्रैंडन नाकाशिमा को उनके ही देश के एलेक्स माइकलसन ने 6-3, 6-4, 6-4 से हराकर बाहर कर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
