अयूब-किओंग की जोड़ी को हराकर सात्विक-चिराग चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे

By: Sep 6th, 2026 12:08 am

मलेशियाई जोड़ी ने शुरुआती गेम में 5-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन सात्विक और चिराग ने लगातार सात अंक जीतकर वापसी की और मिड-गेम इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद भी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बनाए रखी और 17-15 के स्कोर से आगे बढ़ते हुए अगले पांच में से चार अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी मलेशियाई खिलाड़ियों ने तेज़ शुरुआत की और 4-0 की बढ़त बना ली, लेकिन फिर सात्विक और चिराग ने अपनी लय हासिल की और 10-8 से आगे हो गए। इसके बाद बढ़त कई बार बदली और दोनों जोड़ियां 18-18 के स्कोर पर बराबरी पर आ गईं। हालांकि, नूर मोहम्मद अज़रीन अयूब और टैन वी किओंग ने लगातार तीन अंक जीतकर मैच को निर्णायक गेम (डिसाइडर) तक पहुंचा दिया। सात्विक और चिराग ने यह सुनिश्चित किया कि निर्णायक गेम में मलेशियाई खिलाड़ियों की तेज़ शुरुआत वाली रणनीति दोबारा न चल पाए। उन्होंने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा और मिड-गेम इंटरवल तक 11-4 की बढ़त हासिल कर ली।

साइड बदलने के बाद भी भारतीय जोड़ी ने खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और निर्णायक गेम जीतकर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह सात्विक और चिराग का 2026 का तीसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फ़ाइनल होगा। मई में थाईलैंड ओपन में वे रनर-अप रहे थे और उसी महीने बाद में सिंगापुर ओपन जीता था। रविवार को होने वाले फ़ाइनल में भारतीय जोड़ी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर अपने करियर का 10वां ख़िताब जीतने की कोशिश करेगी। पिछले महीने नई दिल्ली में क्वार्टर-फ़ाइनल से बाहर होने के कारण तीसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने से चूकने वाली भारतीय जोड़ी, रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल के विजेताओं का सामना करेगी। यह सेमी-फ़ाइनल मलेशिया के टी काई वुन और याप रॉय किंग तथा चीन के हे जिटिंग और रेन जियांग्यु के बीच खेला जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App