गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा शिमला

By: Sep 15th, 2026 12:01 am

मिडिल बाजार में गणेश महोत्सव शुरू, 108 मूर्तियां स्थापित, शोभायात्रा में शामिल हुए शहर के सैकड़ों लोग

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी शिमला में सोमवार को भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट की ओर से आयोजित शोभायात्रा सीटीओ से बैंड-बाजे और गणपति बप्पा के जयकारों के साथ शुरू हुई। शोभायात्रा लोअर बाजार और शेर-ए-पंजाब होते हुए मिडल बाजार स्थित गणेश पंडाल पहुंची। इस दौरान शहर के सैकड़ों श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा से पहले सुबह भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रतिमा को फूलों से सजी गाड़ी में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु गणेश की छोटी-छोटी मूर्तियां गोद में उठाकर यात्रा में शामिल हुए।

ढोल-नगाड़ों की धुन और भजनों के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। दोपहर करीब 1:30 बजे शोभायात्रा मिडल बाजार स्थित गणेश पंडाल पहुंची। पंडाल में शोभायात्रा के बाद भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और 108 मूर्तियों की स्थापना की गई। इसके बाद शाम चार से आठ बजे तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ट्रस्ट के प्रधान आशुतोष ने बताया कि गणेश उत्सव 25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह नौ बजे भगवान गणेश की पूजा होगी। दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक भजन, कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। रात आठ बजे पूजा के बाद आरती होगी। उन्होंने बताया कि उत्सव में अलग-अलग भजन मंडलियां प्रस्तुतियां देंगी। बाहरी क्षेत्रों से भी भजन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। आशुतोष ने कहा कि भगवान गणेश रिद्धि-सिद्धि के दाता और विघ्नहर्ता हैं। प्रदेशवासियों से उत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इस दिन सुबह आठ बजे हवन के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी।

गंज बाजार में भी गणेश महोत्सव शुरू
श्री गणपति सेवा मंडल गंज बाजार की ओर से 16वें श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भगवान गणेश की विधिवत स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के साथ हुआ। पूजा-अर्चना के बाद आरती, धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया गया। 14 से 25 सितंबर तक चलने वाले महोत्सव में प्रतिदिन पूजा, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुबह और शाम विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App