राष्ट्रीय खेल दिवस पर हिमालयन कालेज ऑफ फार्मेसी कालाअंब में खेलों का उत्साह

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमालयन कालेज ऑफ फार्मेसी में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर फार्मेसी के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न खेल गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कालेज के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकशी, दौड़ एवं अन्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा एवं नेतृत्त्व क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए फार्मेसी के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनकी उत्कृष्ट टीम भावना और प्रदर्शन की सभी ने सराहना की। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। यह दिवस युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कालेज प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना की और कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App