नूरपुर पब्लिक स्कूल में छात्रों को राष्ट्रसेवा का मिला संदेश
ज्वाइन इंडियन आर्मी कार्यक्रम के दौरान कैप्टन अनीश एम. ने विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यालय संवाददाता – नूरपुर
आपरेशन पवन की 40वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भारतीय सेना के 26 पंजाब द्वारा आयोजित करीब 1040 किलोमीटर लंबा साइक्लिंग अभियान सोमवार को नूरपुर पहुंचा। नूरपुर पहुंचने पर नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब और नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट (निफा) की ओर से दल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर नूरपुर पब्लिक स्कूल में ज्वाइन इंडियन आर्मी इंटरेक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। दल के इंचार्ज कैप्टन अनीश एम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अभियान के अनुभव साझा किए तथा उन्हें भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेना में अनुशासन, साहस और समर्पण के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला।
साइक्लिंग दल के स्कूल परिसर में पहुंचते ही विद्यार्थियों ने भारत माता की जय तथा इंडियन आर्मी जिंदाबाद के जयकारों के साथ जवानों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद डोगरा तथा स्कूल स्टाफ ने सेना के जवानों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया ने सेना के साइक्लिंग दल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान युवाओं को देशभक्ति के साथ अनुशासन, फिटनेस, साहस और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद डोगरा और प्रिंसीपल अनमोल डोगरा का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ, निफा सदस्य दीपक वालिया तथा नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब के सदस्य स्वर्ण राणा और वरुण पठानिया, कुलजीत, विशाल, कुलदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में आपरेशन पवन के दौरान भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
