मैदान में पसीना, दिमाग में एआई… ऐसे बनेंगे चैंपियन
राष्ट्रीय खेल दिवस पर एचपीयू में खेल संवाद, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को दिया अनुशासन, लक्ष्य और मेहनत का मंत्र
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कुलपति प्रो महावीर सिंह मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच भूपिंदर सिंह और अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जनम चंद कटोच ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों और प्रतिभागियों से संवाद किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो महावीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) का युग है। इस बदलते समय में वही व्यक्ति सफलता प्राप्त कर सकता है, जो स्वयं को शारीरिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और एआई से भी जोडकऱ रखता है। विभागाध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल ने कहा कि हर पदक के पीछे एक लंबा सफर होता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी उपलब्धि के पीछे लंबे समय तक किया गया परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और निरंतर प्रयास छिपा होता है। अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जनम चंद कटोच ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटी-छोटी परेशानियां और परिस्थितियां आती-जाती रहती हैं, लेकिन हमें उन्हें अपने लक्ष्य के मार्ग में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंनें कहा कि अपने माता-पिता का ध्यान रखते हुए अपने लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता के साथ ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि हमें अपने कर्म के प्रति ईमानदार और समर्पित रहना चाहिए, क्योंकि सच्ची मेहनत और ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
इसके पश्चात भूपेंद्र ठाकुर ने ऊर्जा तंत्र को विस्तारपूर्वक समझाते हुए एक बेहतर (प्रशिक्षण योजना) तैयार करने का सही तरीका बताया। उन्होंने समझाया कि एक खिलाड़ी के लिए यह जानना बहुत आवश्यक है कि उसके शरीर की ऊर्जा किस प्रकार कार्य करती है और उसी के अनुसार प्रशिक्षण की योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने शिक्षा के वास्तविक अर्थ को भी बहुत सुंदर ढंग से समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कोई डिग्री प्राप्त करने का नाम नहीं है, बल्कि अपने मस्तिष्क और शरीर का सही उपयोग करते हुए जीवन की कठिनाइयों और चुनौतियों को पार करना और बेहतर ढंग से जीवन जीना ही वास्तविक शिक्षा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
