मैदान पर चमकी देहरा के बच्चों की प्रतिभा
अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलों में कबड्डी और खो-खो में हासिल किया खिताब
कार्यालय संवाददाता- देहरा गोपीपुर
खेल के मैदान में जब हौसला, मेहनत और टीम भावना एक साथ उतरती है, तो जीत अपने आप कदम चूमती है। ऐसा ही शानदार प्रदर्शन पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा के विद्यार्थियों ने किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनौर में आयोजित अंडर-19 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में देहरा स्कूल के खिलाडिय़ों ने कबड्डी और खो-खो दोनों में विजेता बनकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। कबड्डी के फाइनल में देहरा के खिलाडिय़ों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलियारा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि खो.खो में भी शानदार तालमेल और दमदार प्रदर्शन करते हुए बनखंडी स्कूल को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मैदान में खिलाडिय़ों का जोश, अनुशासन, आपसी तालमेल और जीत के लिए संघर्ष अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बना। प्रतियोगिता में वालीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनौर ने राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में इलाइट पब्लिक स्कूल मूहल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बढ़लठोर को हराकर खिताब जीता। रेसलिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीहन प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलियारा दूसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य विजय पॉल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता स्कूलों के खिलाडिय़ों को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
