पंचायत चुनाव परिणाम से डर गई है कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का दावा, कई नेता खुद के लिए खोज रहे सुरक्षित सीट
कार्यालय संवाददाता — पांवटा साहिब
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पांवटा साहिब में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनाव में प्रदेशवासियों ने कमल के फूल और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भरपूर प्यार और वोट दिया है। प्रदेश में अब तक हुए 11 जिला परिषद चुनावों में से 10 में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। इस दौरान जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री सुक्खू पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनाव के परिणाम देखकर मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के सभी मंत्री और विधायक विचलित हैं।
इन चुनावों में अपने ही घर में बुरी तरह हारने वाले कई कांग्रेस नेता अपने लिए विधानसभा चुनाव में सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं। पंचायती राज में मिली करारी हार के बाद कई नेताओं की अपनी कुर्सी भी डांवाडोल हुई है। प्रदेश के हितों के लिए काम करने की बजाय कांग्रेस के सारे धड़े दिल्ली में आए दिन अपनी जोर-आजमाइश कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इतनी करारी हार के बाद भी मित्र मंडल मंत्रिमंडल पर हावी है। मजबूती दिखाने के लिए पार्टी ने कई विधायकों को मंत्री बनाने की घुट्टी पिलाई हुई है। कार्यक्रम में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, सिरमौर जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर समेत अन्य पदाधिकारी, कांगेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
