अग्निवीर भर्ती में युवाओं का जोश हाई
तीसरे दिन खराब मौसम में 550 अभ्यर्थियों ने ग्रांउड टेस्ट में दिखाया दमखम
कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
अणु के सिंथेटिक ट्रैक में चल रहे थल सेना की अग्रिवीर भर्ती के तीसरे दिन अलग-अलग जिलों के युवाओं ने भाग लिया। भर्ती के लिए 550 युवाओं को कॉल लेटर जारी किए गए थे। युवाओं ने दिन भर ग्राउंड टेस्ट में जमकर पसीना बहाया। हालांकि खराब मौसम युवाओं के कदम नहीं रोक पाया। युवाओं ने मौसम का भरपूर लाभ उठाया। बता दें कि सिंथेटिक ट्रैक अणु में चल रही अग्रिवीर भर्ती में युवा फिजिकल टेस्ट में खूब दमखम दिखा रहे हैं। भर्ती के तीसरे दिन अलग-अलग तहसील से करीब 550 युवाओं को भर्ती के लिए बुलाया गया था। युवाओं को सबसे पहले 1600 मीटर की दौड़ की बाधा पार करनी पड़ रही है। इसमें युवाओं को अलग-अलग चार बैच में सिलेक्ट किया जा रहा है। प्रत्येक बैच के टॉपर को आर्मी के आला अधिकारी आर्मी कैप देकर स मानित कर रहे हैं। ग्राउंड टेस्ट पास युवाओं को बीम, जिक चैक और लांग जंप से गुजरना पड़ रहा है।
इन सब में पास युवाओं को हाईट, बेट, चेस्ट के अलावा दस्तावेज मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यही नहीं मैदान में फोटो स्टेट और फोटो कॉपी निकालने की सुविधा भी मुहैया करवाई गई है, ताकि युवाओं को किसी भी दस्तावेज के लिए ग्राउंड से बाहर न जाना पड़े। भर्ती मैदान में युवाओं को सुबह चार बजे से ग्राउंड में एंट्री दी जा रही, लेकिन युवा सुबह तीन बजे से ही गेट के बाहर लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी के इंतजार में बैठे रहते हैं, ताकि उन्हें जल्द से जल्द मैदान में एंट्री मिल सके। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि भर्ती के चौथे दिन के लिए बुलाए गए युवाओं का भी मैदान में प्रवेश मंगलवार तडक़े ही आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित युवाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित समय पर मैदान में पहुंचने की अपील की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
