चिट्टे के खिलाफ ऊना में बुलंद होगी युवा शक्ति की आवाज

By: Sep 1st, 2026 12:02 am

सात को सीएम की अगवाई में एंटी-चिट्टा वाकाथन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से 7 सितंबर को ऊना में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाली इस वॉकाथॉन में जिले के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की प्रमुख भागीदारी होगी। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को वॉकाथॉन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के आवागमन की सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वॉकाथॉन में जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों की 9वीं से 12वीं कक्षा तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के तौर पर जोड़ा जा रहा है।

प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। उपायुक्त ने आयोजन स्थल एवं प्रस्तावित रूट पर प्रतिभागियों के प्रवेश एवं निकासी, एकत्रण, यातायात एवं पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, डीएसपी अजय राणा, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App