सफाई कर्मियों को अल्टीमेटम, शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने पांच तक काम पर लौटने के दिए आदेश

By: Sep 4th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने प्रदेश के सभी आयुक्तों को पत्र जारी कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निदेशालय ने निकाय के सफाई कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से 5 सितंबर तक काम पर लौटने का आदेश दिया है। इस निर्देश का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं, निकाय निदेशालय द्वारा जारी पत्र में 6 अगस्त से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का जिक्र किया गया है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि कर्मचारी निर्धारित अवधि में काम पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश प्रदेश भर में सफाई व्यवस्था को बहाल करने के प्रयासों का हिस्सा है, जो हड़ताल के कारण प्रभावित हुई है। वहीं, हरियाणा में निकाय और दमकल विभाग के कर्मचारी नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल पर हैं।

अगस्त 2026 में, यह हड़ताल प्रदेशभर में 40 हजार से अधिक कर्मचारियों तक फैल गर्इ थी, जिसमें सफाई कर्मचारी और दमकल कर्मी शामिल थे। इस हड़ताल के कारण शहरों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी और आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ा था। सरकार और यूनियनों के बीच कई दौर की वार्ताएं विफल रही थीं। वहीं, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहरों में कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीवरेज-पेयजल आपूर्ति, प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने और प्रमाण-पत्र बनाने जैसे कार्य भी बाधित हुए थे। कुछ स्थानों पर, हड़ताली कर्मचारियों ने नगर निगम के अधिकारियों का घेराव भी भी किया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App