धरी रह गई वैभव की मेहनत, दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में ईस्ट जोन को नहीं मिली एक भी रन की बढ़त

By: Sep 1st, 2026 12:06 am

एजेंसियां— बंगलुरु

वैभव सूर्यवंशी (92) और अभिमन्यु ईश्वरन (69) की शानदार पारियों के दम पर ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ दूसरे दिन सोमवार को पहली पारी में 266 रन बनाए। सोमवार को सूर्यवंशी और अभिमन्यु की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 161 रन जोडक़र अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे और ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में बढ़त हासिल नहीं कर पाई। सेंट्रल जोन ने भी अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए थे।

26वें ओवर में हर्ष दुबे ने शतक की ओर बढ़ रहे सूर्यवंशी को आउट कर सेंट्रल जोन को पहली सफलता दिलाई। सूर्यवंशी ने दुबे की गेंद पर आगे बढक़र शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन डीप मिडविकेट पर खड़े अरशद को पार नहीं कर पाए और कैच थमा जिया। सूर्यवंशी ने 81 गेंदों में सात चौके और सात छक्के लगाते हुए 92 रन की पारी खेली। सेंट्रल जोन की ओर हर्ष दुबे ने चार विकेट लिए। यश और आर्यन को तीन-तीन विकेट मिले। स्टंप्स तक के समय सेंट्रल जोन का स्कोर दूसरी पारी में 20 ओवर में 45 रन पर तीन विकेट था।

आठ रन से बचा तेंदुलकर का रिकॉर्ड

दलीप ट्रॉफी में सूर्यवंशी के पास एक और नया इतिहास रचने का मौका था, लेकिन वह चूक गए। दरअसल, सूर्यवंशी अगर आठ रन और बना लेते तो वह दलीप ट्रॉफी में शतक जडऩे वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाते हैं। फिलहाल, यह रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने 1990/91 दलीप ट्रॉफी में 17 साल और 262 दिन की उम्र में सेंचुरी जड़ी थी। वहीं, सूर्यवंशी अगर तीन अंकों तक पहुंच जाते तो फस्र्ट क्लास क्रिकेट में सेंचुरी लगाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बन जाते। यह रिकॉर्ड पंजाब के ध्रुव पांडोव के खाते में है। ध्रुव ने यह कारनामा 1988-89 के रणजी ट्रॉफी सीजन में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ किया था। उनकी उम्र तब 14 साल और 293 दिन थी।

वैभव दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में फिफ्टी जडऩे वाले खिलाड़ी

युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को दलीप ट्राफी में ईस्ट जोन के लिए 81 गेंदों में 92 रन बनाए। सूर्यवंशी के बल्ले से सात चौके और सात छक्के निकले। उन्होंने महज 42 गेंदों में अद्र्धशतक कंप्लीट किया और लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। वह दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने 15 साल और 157 दिन की उम्र में ऐसा किया। लक्ष्मण सिंह ने 1969 में 16 साल और 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में फिफ्टी लगाई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App