दिसंबर में दौड़ेंगी गाडिय़ां, बाकर खड्ड पर 11 करोड़ से बन रहा पुल
लोक निर्माण विभाग मंडल टौणीदेवी लगातार कर रहा निगरानी; पुल बनने से जुड़ेगा हमीरपुर से मंडी का मार्ग, 15 गांवों को मिलेगा लाभ
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
लोकनिर्माण विभाग मंडल टौणीदेवी के तहत बाकरखड्ड पर निर्माणाधीन करोड़ों का पुल दिसंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। लोकनिर्माण विभाग टौणीदेवी की तरफ से इसके निर्माण की गति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। सुनिश्चित किया जा रहा है कि समयबद्ध इसका निर्माण कार्य मुक मल कर इसे जनता को समर्पित किया जा सके। इसके लिए विभागीय अधिकारी समय-समय पर कार्य का जायजा लेने के साथ ही काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दे रहे हैं। बताया जाता है कि पुल निर्माण के बाद 15 गांवों के ग्रामीणों को लाभ होगा। 11 करोड़ चार लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनने वाले इस पुल का 50 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि बचे हुए कार्य को कंपलीट करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। अब तक कुछ स्पैन का कार्य पूरा किया गया है जबकि कुछ स्पैन और डाले जाने है। बता दें कि बाकर खड्ड पर 122.11 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जा रहा है।
जितनी भी बारिश हो पुल के ऊपर से वाहनों व राहगीरों का आवागमन प्रभावित नहीं होगा। इसके मोटे स्पैन इसकी मजबूती का प्रमाण दे रहे हैं। खड्ड के बीचों बीच पुल निर्माण की प्रक्रिया काफी तेज गति से चल रही है। इस पुल निर्माण की काफी आवश्यकता थी क्योंकि बरसात के दिनों में आवागमन में दिक्कत का सामना लोगों को करना पड़ता था। समस्या को देखते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बजट का प्रावधान किया है। बजट प्राप्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग मंडल टौणीदेवी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य को शुरू करवाया जोकि अब 50 फीसदी तक कंपलीट हो चुका है। पुल निर्माण से जहां मंडी से हमीरपुर का सफर सुलभ होगा तो वहीं 15 गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर सडक़ मार्ग की सुविधा मिलेगी। पुल बन जाने के उपरांत बेहतर आवागमन होगा तथा बारिश के दौरान कोई दिक्कत पेश नहीं आएगी। लोकनिर्माण विभाग मौके पर जाकर प्रगति का जायजा ले रहा है।
निर्माण कार्य पर रखी जा रही कड़ी नजर
विभाग की माने तो यह काफी मजबूत पुल होगा तथा सभी वाहनों का आवागमन इसके ऊपर से हो सकेगा। सुनिश्चित किया जा रहा है कि इसके निर्माण कार्य में निर्धारित सभी मापदंड पूरे हों। इसके लिए निरंतर निर्माण कार्य पर निगरानी रखी जा रही है और संबंधित ठेकेदार को दिसंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
