झनिक्कर में शराब ठेके के बाहर ग्रामीणों का धरना
नारेबाजी कर 11 अक्तूूबर तक ठेका बंद करने का अल्टीमेटम, डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की दी चेतावनी
कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
बमसन ब्लॉक टौणीदेवी के तहत ग्राम पंचायत बारीं के झनिक्कर गांव में शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों, महिला मंडल और वंदे मातरम युवक मंडल झनिक्कर के सदस्यों ने ठेके के बाहर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन को 11 अक्तूबर तक ठेका बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित अवधि तक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे डीसी कार्यालय हमीरपुर के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय वार्ड पंच राकेश काकू, वार्ड पंच संजय चंदेल, पूर्व वार्ड पंच उधो राम और राजेश चौहान सहित प्रधान व दर्जनों ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में करीब एक वर्ष पहले शराब का ठेका खोला गया था।
उस समय भी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था। उनका कहना है कि ठेका खुलने के बाद यहां आए दिन लड़ाई झगड़े, गाली-गलौज और अन्य घटनाएं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और महिलाओं ने कहा कि गांव के माहौल को देखते हुए ठेका यहां से बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का धरना शांतिपूर्ण रहा। वहीं टौणीदेवी पुलिस चौकी के प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। धरना शांतिपूर्ण रहा और मौके पर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
