धन, मन, खुशी
स्वस्थ समाज वही है जहां समृद्धि भी हो और संवेदना भी। जब पैसा हमारे सपनों को पूरा करने, परिवार को सुरक्षित रखने, समाज के लिए कुछ अच्छा करने और जीवन को सुविधाजनक बनाने का साधन बनता है, तब वह हमारा श्रेष्ठ सहयोगी है। लेकिन जब वही पैसा हमारी पहचान, हमारे संबंधों, हमारे निर्णयों और हमारे आत्मसम्मान पर शासन करने लगता है, तब हम पैसे के मालिक नहीं रहते, पैसा हमारा मालिक बन जाता है। यही वह मोड़ है जहां से समृद्धि, सुख का माध्यम बनने के बजाय बेचैनी का कारण बन जाती है। जीवन का सच यह है कि सुंदर जीवन के लिए धन, संबंध, स्वास्थ्य, उद्देश्य और आंतरिक शांति- इन पांचों का संतुलन आवश्यक है। जिस दिन हम यह संतुलन समझ लेंगे, उसी दिन हमें यह भी समझ में आ जाएगा कि खुशी की कीमत रुपए में तय नहीं होती…
यदि आज सुबह हमारी आंख खुलते ही हमें पता चले कि हमारे बैंक खाते में सौ करोड़ रुपए आ गए हैं, तो क्या हमारी सारी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी? जवाब हम सब जानते हैं। कुछ समस्याएं अवश्य समाप्त हो जाएंगी, घर की चिंता नहीं रहेगी, बच्चों की पढ़ाई आसान हो जाएगी, इलाज का डर कम हो जाएगा, भविष्य अधिक सुरक्षित दिखाई देगा, लेकिन क्या उसी क्षण हमारे सारे रिश्ते भी मधुर हो जाएंगे? क्या मन का तनाव मिट जाएगा? क्या हम हर रात गहरी नींद सो पाएंगे? क्या हमारे भीतर का अकेलापन समाप्त हो जाएगा? शायद नहीं। इसका अर्थ यह नहीं कि पैसा महत्वहीन है। इसका अर्थ केवल इतना है कि पैसा हमें सुरक्षा, सम्मान, सुविधा और स्वतंत्रता तो दे सकता है, पर हर खुशी इसी से मिले, ऐसा संभव नहीं है। इसलिए प्रश्न यह नहीं है कि पैसा कितना आवश्यक है। प्रश्न यह है कि खुशी की यात्रा में पैसा कहां तक हमारा साथी है और कहां आकर उसकी भूमिका समाप्त हो जाती है। हम सोचते हैं कि जितना अधिक पैसा होगा, उतनी अधिक खुशी मिलेगी। पहली नजर में यह बात सही भी लगती है। आखिर गरीबी में संघर्ष है, अभाव है और अनिश्चितता है। लेकिन यदि यही समीकरण पूरी तरह सही होता, तो दुनिया के सबसे अमीर लोग भी अक्सर तनाव, अकेलेपन और रिश्तों की टूटन से जूझते दिखाई देते हैं। दूसरी ओर सीमित आय वाला एक परिवार भी हंसी-खुशी जीवन जीता है। इसका अर्थ यह नहीं कि गरीबी अच्छी है।
इसका अर्थ केवल इतना है कि धन और खुशी का संबंध है तो सही, पर उसकी एक सीमा है। जीवनयापन के लिए बस उतने ही पैसे चाहिएं जितने से हमारा कोई काम न रुके, और अबी-नबी में किसी से उधार न लेना पड़े, क्योंकि धन जीवन की आवश्यकता तो है, लेकिन वह खुशी की गारंटी बिल्कुल भी नहीं है। इसी प्रश्न का उत्तर खोजने के लिए मनोवैज्ञानिक डेनियल काह्नेमन और अर्थशास्त्री एंगस डीटन ने 2010 में एक अत्यंत चर्चित अध्ययन किया। उन्होंने पाया कि जैसे-जैसे आय बढ़ती है, वैसे-वैसे जीवन से संतुष्टि और खुशी भी बढ़ती है, लेकिन केवल एक सीमा तक। जब तक मनुष्य की मूलभूत आवश्यकताएं, यानी भोजन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा पूरी नहीं होतीं, तब तक अतिरिक्त आय जीवन की गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार लाती है। लेकिन इन आवश्यकताओं के पूरा हो जाने के बाद अधिक आय और अधिक खुशी का संबंध धीरे-धीरे कमजोर पडऩे लगता है। सच यही है कि आर्थिक सुरक्षा खुशी की आधारशिला है, लेकिन इसे खुशी की गारंटी मानना गलत होगा। आधुनिक न्यूरोसाइंस भी इसी निष्कर्ष की पुष्टि करती है कि जब हमें आर्थिक लाभ होता है, बोनस मिलता है, कोई बड़ा सौदा सफल होता है या बैंक खाते का बैलेंस बढ़ता है, तो मस्तिष्क में डोपामीन सक्रिय होता है। डोपामीन हमें उपलब्धि और उत्साह का अनुभव कराता है, लेकिन इसकी सीमा यह है कि यह हमें उपलब्धि का आनंद तो देता है, पर स्थायी संतोष नहीं दे पाता। कुछ समय बाद वही उपलब्धि सामान्य लगने लगती है और मन अगली मंजिल की ओर दौड़ पड़ता है। दूसरी ओर, यह भी सच है कि जेब में पैसा हो तो हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है और हम में अपने निर्णय स्वयं लेने का साहस आता है और हमें कई नए अवसर भी मिलते हैं।
गड़बड़ तब होती है जब हम धन को जीवन का अंतिम लक्ष्य बना लेते हैं। धन जीवन की जरूरत तो है, पर यह जीवन का उद्देश्य कदापि नहीं हो सकता, न होना ही चाहिए। इतिहास में ऐसे असंख्य उदाहरण हैं जहां अपार धन के बावजूद लोग टूटे हुए रिश्तों, अकेलेपन, अवसाद और जीवन के अर्थहीन हो जाने की पीड़ा से जूझते रहे हैं। पैसा हमें एक सुंदर घर दे सकता है, लेकिन उसे घर से परिवार नहीं बना सकता। वह सबसे महंगा बिस्तर खरीद सकता है, लेकिन गहरी नींद नहीं। वह सर्वोत्तम चिकित्सालय तक पहुंचा सकता है, लेकिन स्वस्थ मन की गारंटी नहीं दे सकता। पैसा लोगों को हमारे आसपास इक_ा कर सकता है, लेकिन सच्चे मित्र नहीं बना सकता। पैसा विवाह का भव्य आयोजन कर सकता है, लेकिन प्रेम नहीं खरीद सकता। दुनिया ने ऐसे अनेक अत्यंत संपन्न व्यक्तियों को देखा है जिनके जीवन में टूटते हुए रिश्ते, तलाक, अकेलापन, मानसिक तनाव, अवसाद, नशे की लत और कभी-कभी आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं भी सामने आईं। इसका अर्थ यह नहीं कि धन इन समस्याओं का कारण है। इसका अर्थ केवल इतना है कि धन इन समस्याओं से स्वत: रक्षा नहीं कर सकता। दूसरी ओर, सीमित संसाधनों में जीवन बिताने वाले असंख्य परिवार ऐसे भी मिल जाते हैं जिनके पास विश्वास, आत्मीयता और संतोष का खजाना होता है, इसलिए हमें न तो गरीबी का महिमामंडन करना चाहिए और न ही धन को देवता बना लेना चाहिए। जीवन की खुशी इनके बीच के संतुलन में है। भारतीय दर्शन भी हमें इसी संतुलन की शिक्षा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता कर्म से विमुख होने की नहीं, कर्म में उत्कृष्टता की प्रेरणा देती है। हमारे ग्रंथ अपरिग्रह की बात करते हैं, लेकिन उसका अर्थ निर्धन बन जाना नहीं है।
उसका अर्थ है इतना सा है कि हम संग्रह के दास न बन जाएं। संतोष का अर्थ महत्वाकांक्षा छोड़ देना नहीं है, उसका अर्थ है कि हमारी महत्वाकांक्षा लोभ में न बदल जाए। हमारे ऋषियों ने कभी आलस्य को आदर्श नहीं बनाया। उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि धन कमाना गलत है। उन्होंने केवल इतना कहा कि धन ईमानदारी से कमाया जाए, उसका सदुपयोग हो और वह मनुष्य के विवेक पर शासन न करने लगे। स्वस्थ समाज वही है जहां समृद्धि भी हो और संवेदना भी। जब पैसा हमारे सपनों को पूरा करने, परिवार को सुरक्षित रखने, समाज के लिए कुछ अच्छा करने और जीवन को सुविधाजनक बनाने का साधन बनता है, तब वह हमारा श्रेष्ठ सहयोगी है। लेकिन जब वही पैसा हमारी पहचान, हमारे संबंधों, हमारे निर्णयों और हमारे आत्मसम्मान पर शासन करने लगता है, तब हम पैसे के मालिक नहीं रहते, पैसा हमारा मालिक बन जाता है। यही वह मोड़ है जहां से समृद्धि, सुख का माध्यम बनने के बजाय बेचैनी का कारण बन जाती है। जीवन का सच यह है कि सुंदर जीवन के लिए धन, संबंध, स्वास्थ्य, उद्देश्य और आंतरिक शांति- इन पांचों का संतुलन आवश्यक है। जिस दिन हम यह संतुलन समझ लेंगे, उसी दिन हमें यह भी समझ में आ जाएगा कि खुशी की कीमत रुपए में तय नहीं होती। पैसा हमारे जीवन का सम्मानित साधन तो है, लेकिन पैसा हमारा मालिक न बन जाए, तभी हम सचमुच समृद्ध होंगे। सवाल अगर यह है कि मन को खुशी कब मिलती है, तो जवाब बहुत आसान है। हमारे पास जो है, धन, रिश्ते, परिवार, उन सबका सम्मान हो, जीवन का कोई सार्थक उद्देश्य हो, तो धन, मन और खुशी बने रहते हैं।
स्पिरिचुअल हीलर
हैपीनेस गुरु डा. प्रमोद निर्वाण
गिनी•ा विश्व रिकॉर्ड से सम्मानित लेखक
ई-मेल: indiatotal.features@gmail.com
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
