एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना लक्ष्य, गगल एयरपोर्ट पर बोलीं भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा
नगर संवाददाता— गगल
हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। इंडिगो एयरलाइंस के विमान से गगल एयरपोर्ट पर सोमवार प्रात: सवा दस बजे पहुंची भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी मिलने के बाद पुष्पा राणा ने पत्रकारों से कहा कि यह उनके जीवन का एक बेहद गर्व और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की कप्तानी करना हर खिलाड़ी का सपना होता है और अब उन्हें देश की टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। यह जिम्मेदारी जितनी सम्मान की बात है, उतनी ही बड़ी चुनौती भी है। पुष्पा राणा ने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी एशियन गेम्स में भारतीय टीम को शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक दिलाना है।
पुष्पा ने कहा कि टीम का मुख्य लक्ष्य एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है और इसके लिए सभी खिलाड़ी पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। पुष्पा राणा ने बताया कि भारतीय महिला कबड्डी टीम पिछले करीब पांच-छह महीने से लगातार कड़ी मेहनत कर रही है। टीम के खिलाड़ी कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। प्रशिक्षण के दौरान खिलाडिय़ों की फिटनेस, स्किल और तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
माता-पिता का सपना हुआ साकार
पुष्पा राणा ने बताया कि भारतीय महिला कबड्डी टीम का कप्तान बनाए जाने की खबर मिलते ही उनके परिवार और गृह क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता का सपना था कि एक दिन वह भारतीय टीम की कप्तानी करें और आज उनका यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
